चन्दौली। मुगलसराय थाना अंतर्गत शिवाला पुलिस चौकी क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। गंगा नदी में नहाने के दौरान 15 वर्षीय किशोर की डूबकर मौत हो गई। इस घटना से पूरे परिवार और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
दोस्तों के साथ नहाने गया था किशोर
मृतक की पहचान वाराणसी के जैतपुरा बड़ी बाजार निवासी मुहम्मद अरशद पुत्र मुहम्मद अरशद के रूप में हुई है। अरशद नेशनल इंटर कॉलेज का कक्षा 9 का छात्र था। जानकारी के मुताबिक, वह सोमवार को अपने पांच दोस्तों के साथ गंगा नदी में नहाने आया था। नहाने के दौरान अचानक गहरे पानी में जाने से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह डूबने लगा।
बचाने की कोशिश नाकाम रही
मौजूद दोस्तों ने शोर मचाते हुए उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन गहराई ज्यादा होने के कारण प्रयास सफल नहीं हो पाया। घटना देख आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।
रेस्क्यू टीम ने बरामद किया शव
सूचना पाते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी, स्थानीय गोताखोर और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद देर शाम किशोर का शव नदी से बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
परिवार में मचा कोहराम
हादसे की खबर घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। मृतक के माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन बार-बार बेहोश हो जा रहे थे, जिन्हें स्थानीय लोग ढांढस बंधा रहे थे। पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।
बढ़े पानी का स्तर बना हादसे की वजह
स्थानीय लोगों का कहना है कि गंगा में इन दिनों जलस्तर बढ़ा हुआ है, जिससे नहाने आए लोगों को गहराई का अंदाजा नहीं हो पाता। इसी वजह से अक्सर इस तरह की घटनाएं घट जाती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि गंगा किनारे चौकसी बढ़ाई जाए और गोताखोरों की टीम हमेशा तैनात रहे।
विधायक ने जताया दुख, मदद का भरोसा
घटनास्थल पर क्षेत्रीय विधायक रमेश जायसवाल भी पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। पुलिस किशोर के दोस्तों से घटना की विस्तृत जानकारी जुटा रही है।













