वाराणसी। निवेश के नाम पर धोखाधड़ी का एक और मामला सामने आया है। राजातालाब थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजातालाब थाना क्षेत्र के बंगालीपुर निवासी मयानाथ मौर्या ने शिकायत में बताया कि जौनपुर जिले के बक्शा थाना क्षेत्र के हकारीपुर गांव निवासी प्रेमशंकर मिश्रा ने उन्हें एक कंपनी में निवेश कर मोटा मुनाफा दिलाने का भरोसा दिया। आरोप है कि 2 अगस्त 2024 से 25 सितंबर 2025 के बीच अलग-अलग तारीखों में उन्होंने आरोपी को कुल 5 लाख 10 हजार रुपये नकद और बैंक ट्रांसफर के माध्यम से दिए।
पीड़ित के मुताबिक रकम मिलने के बाद आरोपी ने धीरे-धीरे संपर्क कम कर दिया और बाद में फोन उठाना भी बंद कर दिया। कई महीनों तक टालमटोल के बाद जब कोई रकम वापस नहीं मिली तो खुद को ठगा महसूस करते हुए मयानाथ मौर्या ने 8 फरवरी 2026 को राजातालाब थाने में लिखित शिकायत दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी की पहचान और पते का सत्यापन किया, जिसके बाद धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। लेन-देन से जुड़े बैंक ट्रांजेक्शन, कॉल डिटेल, मैसेज और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









