चंदौली। डीडीयू जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) की संयुक्त टीम ने बुधवार रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 18.889 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। इनकी बाजार कीमत 10,95,562 रुपये बताई जा रही है। बरामद चांदी के साथ पकड़े गए दो व्यक्तियों के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला, जिसके चलते उन्हें हिरासत में ले लिया गया। मामले की जांच अब आयकर विभाग कर रहा है।
संदिग्ध हालत में पकड़े गए थे दोनों व्यक्ति
6 अगस्त की रात करीब 9 बजे, RPF पोस्ट डीडीयू के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत और GRP प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में स्टेशन परिसर में संयुक्त गश्त की जा रही थी। इसी दौरान स्टेशन के पैदल पुल पर दो व्यक्ति काले पिट्ठू बैग और दो सफेद झोलों के साथ संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। जब उन्हें रोका गया तो उन्होंने गोलमोल जवाब दिए जिससे पुलिस का शक और गहरा गया।
तलाशी में निकले चांदी के जेवरात
जब दोनों के बैग और झोलों की तलाशी ली गई, तो उसमें से चांदी से बने पायल, बिछिया, अंगूठी समेत अन्य आभूषणों से भरे 19 पैकेट बरामद किए गए। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे ये चांदी के जेवरात वाराणसी से बक्सर (बिहार) ले जा रहे थे। हालांकि, उनके पास कोई वैध बिल, इनवॉइस या कागज नहीं था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पकड़े गए दोनों व्यक्तियों की पहचान हुई है –
- दिलीप कुमार, निवासी: ठाकुर सोनार की गली, वार्ड नंबर 16, डुमरांव, बक्सर
- चंदन कुमार वर्मा, निवासी: जूठन उपाध्याय की गली, वार्ड नंबर 16, डुमरांव, बक्सर
आयकर विभाग कर रहा है जांच
चांदी की बरामदगी की सूचना मिलते ही आयकर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की वित्तीय जांच शुरू कर दी है। यह देखा जा रहा है कि कहीं यह मामला कर चोरी या अवैध कारोबार से तो नहीं जुड़ा हुआ है।
विशेष संवाददाता- गनपत राय













