चंदौली। बाढ़ की त्रासदी झेल रही महिलाओं के चेहरों पर हरितालिका तीज ने मुस्कान लौटा दी। चौकियां राहत केंद्र पर मंगलवार को प्रशासन की पहल पर विशेष आयोजन किया गया, जिसमें एसडीएम सदर दिव्या ओझा ने खुद महिलाओं के साथ त्योहार मनाया और श्रृंगार कार्यक्रम में भाग लिया।
प्रशासन ने बांटे श्रृंगार और आवश्यक सामग्री
इस अवसर पर प्रशासन की ओर से महिलाओं को बिंदी, चूड़ी, सिंदूर, कंघी समेत श्रृंगार सामग्री वितरित की गई। इसके साथ ही फल और अन्य जरूरी सामान भी बांटे गए, ताकि बाढ़ प्रभावित महिलाएं बिना किसी परेशानी के तीज का व्रत कर सकें।
एसडीएम दिव्या ओझा ने स्वयं महिलाओं के साथ मेहंदी कार्यक्रम में हिस्सा लिया और उन्हें भरोसा दिलाया कि प्रशासन हर कदम पर उनके साथ है। उन्होंने कहा –
“आपदा की इस घड़ी में भी हमारी कोशिश है कि आपकी धार्मिक और सांस्कृतिक आस्थाओं का सम्मान बना रहे।”
स्वास्थ्य विभाग ने बांटी मेडिकल किट
इस अवसर पर सीएमओ डॉ. युगल किशोर राय के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी संख्या में महिलाओं और बुजुर्गों को मेडिकल किट प्रदान की। इन किटों में जरूरी दवाएं, प्राथमिक उपचार सामग्री और स्वच्छता से जुड़ी वस्तुएं शामिल थीं। सीएमओ ने बताया कि सभी राहत शिविरों पर मेडिकल टीम तैनात है, ताकि बीमारियों से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।
महिलाओं के चेहरों पर लौटी रौनक
कठिन परिस्थितियों और बाढ़ की मार झेलते हुए भी महिलाओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ तीज का व्रत रखा। श्रृंगार सामग्री पाकर और सामूहिक रूप से पर्व मनाकर उनके चेहरों पर खुशी झलक उठी। राहत केंद्र का माहौल देर तक गीत-संगीत और पारंपरिक तीज गीतों से गूंजता रहा।
विशेष संवाददाता- गनपत राय













