वाराणसी। शहर में लगातार बढ़ते यातायात जाम की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने बड़ा और व्यावहारिक कदम उठाया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि शहर की प्रमुख कॉलोनियों के बंद गेट अब निर्धारित समय के अनुसार खोले जाएंगे। इस व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा, ताकि मुख्य सड़कों पर वाहनों का दबाव कम हो और लोगों को आवागमन में राहत मिल सके।
यह फैसला अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) की रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है। रिपोर्ट में बताया गया कि कॉलोनियों के गेट बंद रहने के कारण आंतरिक रास्ते पूरी तरह अवरुद्ध हो गए हैं, जिससे भोजूबीर, अर्दली बाजार, महावीर मंदिर और आसपास के इलाकों में रोजाना लंबा जाम लग रहा है। पहले यही आंतरिक सड़कें वैकल्पिक मार्ग के रूप में काम करती थीं, लेकिन गेट बंद होने से पूरा ट्रैफिक मुख्य सड़कों पर आ गया, जिससे जाम की स्थिति गंभीर हो गई।
नगर निगम ने पहले चरण में टैगोर टाउन, भुवनेश्वर नगर और विन्ध्यवासिनी नगर सहित कुछ प्रमुख कॉलोनियों को चिन्हित किया है। इन कॉलोनियों के गेट तय समय पर खोले जाएंगे, ताकि योजना के प्रभाव का आकलन किया जा सके। यदि यह व्यवस्था सफल रही, तो इसे शहर की अन्य कॉलोनियों में भी लागू किया जाएगा।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि गेट खोलने के बावजूद कॉलोनीवासियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। प्रमुख स्थानों पर निगरानी बढ़ाई जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था भी की जाएगी। जोनल अधिकारियों को कॉलोनी प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यवस्था सुचारू रूप से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्धारित समय के अनुसार, अधिक यातायात दबाव वाले क्षेत्रों में कॉलोनियों के गेट सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक खुले रहेंगे, जबकि सामान्य क्षेत्रों में यह समय सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक रहेगा। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि यह फैसला पूरी तरह जनहित में लिया गया है और इससे शहर में जाम की समस्या में काफी हद तक कमी आने की उम्मीद है।









