वाराणसी। प्रतिबंध के बाद भी चाइनीज मांझा शहर में जानलेवा साबित हो रहा है। रविवार को फूलपुर थाना क्षेत्र के पिंडरा बाजार मार्ग पर चलते समय एक बाइक सवार अचानक चाइनीज मांझे की चपेट में आ गया, जिससे उसकी गर्दन गंभीर रूप से कट गई। गनीमत रही कि समय रहते उसने बाइक रोक ली, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
राजपुर गांव निवासी संतोष पटेल बाइक से पिंडरा बाजार जा रहे थे। इसी दौरान सड़क के ऊपर लटका चाइनीज मांझा उनके गले में फंस गया। तेज धार के कारण गर्दन में गहरी चोट आई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए उन्हें नजदीकी मेडिकल स्टोर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना ने एक बार फिर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल द्वारा वर्ष 2017 से चाइनीज मांझे पर पूर्ण प्रतिबंध है, इसके बावजूद इसकी चोरी-छिपे बिक्री और उपयोग जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिंडरा बाजार और आसपास के इलाकों में यह जानलेवा मांझा अब भी आसानी से मिल जाता है।
पिंडरा बाजार मार्ग पर रोजाना भारी संख्या में दोपहिया वाहन और राहगीर गुजरते हैं। ऐसे में इस तरह की घटनाएं किसी भी समय जानलेवा साबित हो सकती हैं। हाल के महीनों में वाराणसी में चाइनीज मांझे से गला कटने और मौत तक के कई मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन सख्त कार्रवाई का असर जमीन पर नजर नहीं आ रहा।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि केवल औपचारिक छापेमारी नहीं, बल्कि लगातार निगरानी और कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही नागरिकों से भी अपील की गई है कि कहीं भी चाइनीज मांझे की बिक्री या इस्तेमाल की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को जानकारी दें, ताकि किसी और की जान खतरे में न पड़े।









