नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को नितिन नबीन को निर्विरोध अपना 12वां राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया। 45 वर्षीय नितिन नबीन इस पद पर पहुंचने वाले पार्टी के सबसे युवा नेता हैं। दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में औपचारिक घोषणा की गई।
नितिन नबीन ने जेपी नड्डा की जगह ली, जो 2020 से राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर थे। पार्टी के राष्ट्रीय निर्वाचन अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण ने बताया कि नबीन के पक्ष में केवल एक ही नामांकन प्रस्तावित हुआ। कुल 37 सेट नामांकन पत्र प्राप्त हुए, जो सभी वैध पाए गए। इनमें 36 सेट प्रदेश इकाइयों से और एक संसदीय दल से आए थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नबीन को बधाई देते हुए कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी का नेतृत्व युवा और ऊर्जावान हाथों में जाना संगठन के लिए शुभ संकेत है। उन्होंने संगठन पर्व की लोकतांत्रिक प्रक्रिया की भी सराहना की। पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इसे ऐतिहासिक अवसर बताते हुए कहा कि नबीन के नेतृत्व में पार्टी और अधिक मजबूत होगी।
नितिन नबीन का जन्म 23 मई 1980 को रांची में हुआ था। वे राजनीतिक परिवार से आते हैं। उनके पिता स्व. नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा बीजेपी के वरिष्ठ नेता और बिहार विधानसभा के चार बार विधायक रहे। 2006 में पिता के निधन के बाद नितिन नबीन ने पटना पश्चिम से उपचुनाव जीतकर राजनीति में प्रवेश किया। बाद में वे बांकीपुर सीट से 2010, 2015, 2020 और 2025 में लगातार विधायक चुने गए।
बिहार सरकार में नितिन नबीन कानून एवं न्याय, शहरी विकास, आवास और सड़क निर्माण जैसे अहम विभागों के मंत्री रह चुके हैं। दिसंबर 2025 में उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था, जिसके बाद अब उन्होंने पूर्ण राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभाल लिया है।
पार्टी में इस नियुक्ति को पीढ़ीगत बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। संगठनात्मक अनुभव और जमीनी पकड़ के चलते नितिन नबीन से आगामी विधानसभा चुनावों और 2029 के लोकसभा चुनावों में बीजेपी को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। बिहार में इस खबर को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है और इसे राज्य के लिए गौरव का क्षण बताया जा रहा है।













