डीडीयू नगर। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के छेमिया गांव के पास रिंग रोड पर खड़े तीन ट्रकों से बीती रात चोरों ने डीजल और रिफाइन की बड़ी चोरी को अंजाम दिया। नेपाल से रिफाइन लादकर वाराणसी के रामनगर स्थित एक व्यापारी के यहां जा रहे इन ट्रकों से लगभग 450 से 475 लीटर डीजल और 47 टीन रिफाइन चोरी कर लिए गए। घटना के समय तीनों ट्रक चालक केबिन में सो रहे थे।
जानकारी के अनुसार नेपाल के बीरगंज से रिफाइन लादकर ट्रक संख्या आरजे 14 जीजी 0735, आरजे 14 जीजी 9345 और आरजे 14 जीई 1055 वाराणसी जिले के रामनगर स्थित वाराणसी उद्योग नामक फर्म में माल पहुंचाने के लिए निकले थे। रात अधिक होने के कारण चालक कल्याण सिंह मीणा, बाबूलाल मीणा पुत्र फतेह सिंह मीणा और शीतलमल मीणा पुत्र लक्ष्मण राम मीणा ने अपनी-अपनी गाड़ियों को छेमिया गांव के पास रिंग रोड किनारे खड़ा कर दिया और केबिन में सो गए।
अलसुबह करीब चार बजे चालक कल्याण सिंह मीणा की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि ट्रक के डीजल टैंक का लॉक टूटा हुआ है और पीछे बंधे तिरपाल की रस्सी भी कटी हुई है। ट्रक की जांच करने पर उसमें लदा 47 टीन रिफाइन गायब मिला। इसके बाद अन्य दोनों ट्रकों की जांच की गई, जिनके डीजल टैंक के लॉक भी टूटे मिले। जांच में सामने आया कि ट्रक संख्या आरजे 14 जीजी 0735 से करीब 155 लीटर, आरजे 14 जीजी 9345 से 165 से 175 लीटर और आरजे 14 जीई 1055 से लगभग 160 लीटर डीजल चोरी किया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही चालकों ने 112 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद चालकों को कोतवाली में तहरीर देने के निर्देश दिए। चालक कल्याण सिंह मीणा के अनुसार चोरी हुए डीजल और रिफाइन की कुल कीमत लगभग पांच लाख रुपये आंकी जा रही है।
इस संबंध में मुगलसराय कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। ट्रकों के साथ कुल पांच गाड़ियां आई थीं, जिनमें से दो व्यापारी के यहां पहुंच चुकी हैं। ट्रकों में डीजल गोरखपुर से भरवाया गया था। मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।









