वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र में अपहरण के बाद युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए 25-25 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। कमिश्नरेट वाराणसी में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में यह बड़ी सफलता हासिल हुई है। लगातार हो रही कार्रवाई से शहर में सक्रिय अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा और कसता जा रहा है।
पुलिस के अनुसार 17 फरवरी 2026 को बसंता कॉलेज के पास यूनियन बैंक से करीब 50 मीटर आगे से दोनों आरोपियों को दबोचा गया। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान रवि कुमार गुप्ता (32) निवासी तेलियाना जलालीपुरा, थाना आदमपुर और राहुल विश्वकर्मा (26) निवासी तेलियाना जलालीपुरा, स्थायी पता रामनगर के रूप में हुई है। दोनों अभियुक्त लंबे समय से फरार थे और उन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि 29 जनवरी 2026 को जलालीपुरा स्थित पनारू पान की दुकान के सामने ऑटो में बैठकर शराब पीने के दौरान साड़ी के कमीशन को लेकर सनी सोनकर से उनका विवाद हो गया था। बात बढ़ने पर गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान सनी के सिर पर ईंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी घबरा गए और साजिश के तहत शव को ऑटो में लादकर रामनगर की ओर ले गए, फिर पुल के बीच से नदी में फेंक दिया ताकि सबूत मिटाया जा सके। इसके बाद दोनों ने मिलकर अपहरण की झूठी कहानी गढ़कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।
पुलिस ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल तीन अन्य अभियुक्तों को 10 फरवरी 2026 को ही गिरफ्तार किया जा चुका था। अब दोनों इनामी बदमाशों की गिरफ्तारी के बाद पूरी साजिश की कड़ियां जुड़ गई हैं। पुलिस टीम आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि वारदात में शामिल अन्य पहलुओं और सहयोगियों की भी जानकारी मिल सके।
कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि शहर में अपराध पर नियंत्रण के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे और फरार इनामी अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस खुलासे से क्षेत्र में दहशत का माहौल खत्म होने के साथ ही आम लोगों में सुरक्षा की भावना भी मजबूत हुई है।









