,

बाढ़ से उफनी गंगा बनी ग्रामीणों की नई मुसीबत, रामपुर दिया गांव में कोबरा देख मचा हड़कंप

चंदौली। जनपद में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के चलते बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। धानापुर थाना क्षेत्र के रामपुर दिया गांव में जहां एक ओर घरों और खेतों में पानी भर गया है, वहीं अब वन्य जीवों का खतरा भी मंडराने लगा है। गांव के कई हिस्सों में कोबरा जैसे खतरनाक सांपों के दिखने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों ने बताया कि बाढ़ का पानी सांपों के बिलों में भर जाने के कारण अब ये जहरीले जीव रिहायशी इलाकों की ओर रुख कर रहे हैं। गांव के कई लोगों ने अपने घरों और आंगनों में कोबरा और अन्य सांपों को देखा है। सांपों के झुंड का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि बाढ़ के पानी में कई सांप तैरते हुए दिखाई दे रहे हैं।

डर के साए में जी रहे ग्रामीण

ग्रामीणों का कहना है कि अब रात में सोना तक मुश्किल हो गया है। बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर विशेष चिंता जताई जा रही है। लोगों को डर है कि कहीं रात के अंधेरे में कोई सांप घर के अंदर न घुस जाए। कई परिवारों ने तो घर खाली कर दूसरों के यहां शरण लेना शुरू कर दिया है।

प्रशासन से लगाई मदद की गुहार

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग से अपील की है कि जल्द से जल्द सांप पकड़ने वाली टीमें गांव में भेजी जाएं। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यह संकट किसी बड़ी जनहानि में तब्दील हो सकता है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो

इस भयावह स्थिति का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सांपों का डरावना झुंड बाढ़ के पानी में इधर-उधर घूमता नजर आ रहा है। वीडियो देखकर अन्य क्षेत्रों के लोग भी चिंतित हो उठे हैं।

ग्रामीणों की मांग:

  • वन विभाग तत्काल टीम भेजे
  • सांप पकड़ने की व्यवस्था की जाए
  • रिहायशी क्षेत्रों में फॉगिंग और सुरक्षा उपाय किए जाएं
  • राहत शिविरों में सुरक्षित जगह उपलब्ध कराई जाए
  • यह आपदा अब सिर्फ जल संकट नहीं, बल्कि जीवन रक्षा की चुनौती बन गई है।
  • विशेष संवाददाता- गनपत राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!