चंदौली, चकिया। ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत हरीपुर गांव के ग्रामीणों ने मंगलवार को बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जेई (जूनियर इंजीनियर) द्वारा ट्रांसफार्मर लगाने के लिए ₹50,000 की सुविधा शुल्क (घूस) की मांग की जा रही है। ग्रामीणों ने कहा कि घूस न देने के कारण तीन साल बाद भी गांव में ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया, जिससे लोगों में जबरदस्त आक्रोश है।
3 साल से अंधेरे में है गांव
ग्रामीणों ने बताया कि करीब 2-3 वर्ष पूर्व गांव में बिजली आपूर्ति के लिए ट्रांसफार्मर लगाया गया था। लेकिन कुछ ही समय बाद तेज आंधी के कारण बिजली का पोल गिर गया, जिससे आपूर्ति ठप हो गई। तब से लगातार बिजली विभाग के अधिकारियों से गुहार लगाने के बावजूद आज तक न तो नया ट्रांसफार्मर लगाया गया, और न ही टूटा हुआ पोल बदला गया।
बांस के सहारे चल रही बिजली, ग्रामीण परेशान
वर्तमान में गांववाले बांस के सहारे तारों को लटका कर किसी तरह करीब 500 मीटर दूर से बिजली खींच रहे हैं। इसके लिए ग्रामीणों ने खुद अपने पैसे से महंगे तार (केबल) खरीदे। ग्रामीणों ने बताया कि अब तक 2-3 हजार रुपये प्रति व्यक्ति खर्च कर चुके हैं, फिर भी समाधान नहीं मिल रहा।
JE पर घूस मांगने का आरोप, 25 हजार देने पर भी नहीं हुआ काम
ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफार्मर लगाने की मांग करने पर बिजली विभाग के वर्तमान जेई ने ₹50,000 की मांग की। ग्रामीणों ने किसी तरह चंदा करके ₹25,000 इकट्ठा कर उसे देने की पेशकश की, लेकिन JE ने यह कहकर इंकार कर दिया कि पूरा ₹50,000 दो तभी ट्रांसफार्मर लगेगा। इस रवैये को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है।
ट्रांसफार्मर और पोल लगाने की मांग, प्रदर्शन में दिखा आक्रोश
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने त्रासदी और लाचारी के खिलाफ आवाज उठाई। उनका कहना है कि जब तक गांव में नया ट्रांसफार्मर और विद्युत पोल नहीं लगाए जाएंगे, प्रदर्शन जारी रहेगा। गांव में बिजली संकट के चलते पढ़ाई, खेती और रोजमर्रा की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
प्रदर्शन में ये लोग रहे शामिल
प्रदर्शन में प्रमुख रूप से दिनेश यादव, शिवधनी, विजय कुमार, सुभाष चौहान, शैलेश कुमार, रवि जायसवाल, अमन पासवान, जितेंद्र चौहान, मुकेश चौहान, गोपाल चौहान, रामधनी, कृष्णा चौहान, बब्बू चौहान, कृष्णावती, गुलाबी, चंद्रतारा, रमेश प्रजापति, रामानंद विश्वकर्मा, शिवपुजन पासवान समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
- ग्रामीणों की मांग:
- फौरन ट्रांसफार्मर लगाया जाए।
- टूटा हुआ विद्युत पोल बदला जाए।
- जेई के खिलाफ जांच हो और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई हो।
- गांव में सुचारु रूप से बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
- अगर मांगें पूरी नहीं हुईं तो ग्रामीणों ने बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।
विशेष संवाददाता- गनपत राय













