चंदौली। नगर के मोहम्मदाबाद स्थित गायत्री शक्तिपीठ परिसर में नवनिर्मित पंडित श्रीराम शर्मा प्रवेश द्वार का लोकार्पण शुक्रवार को असम के राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य ने फीता काटकर किया। इस मौके पर उन्होंने मां गायत्री शक्तिपीठ धाम में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और उपस्थित श्रद्धालुओं का गायत्री मंत्र के साथ अभिवादन किया।
राज्यपाल ने पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के जीवन एवं विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा,
“मेरा पहला घर रामनगर है और दूसरा घर चकिया। राज्यपाल बनने के बाद यह मेरा चकिया का पहला दौरा है। चकिया की मिट्टी से मेरा गहरा लगाव है, यहां मैंने संगठन के हित में लंबे समय तक कार्य किया है।”
उन्होंने बताया कि उन्होंने चकिया स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में शिक्षक के रूप में सेवाएं दीं, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लिए कार्य किया और 10 वर्षों तक विधान परिषद सदस्य रहते हुए पार्टी के हित में योगदान दिया।
कार्यक्रम के बाद राज्यपाल भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार मौर्य के आवास पहुंचे और हाल ही में गोलीकांड में मारे गए उनके भाई के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। साथ ही, परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की।
इस अवसर पर विधायक कैलाश आचार्य, भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, जिला महामंत्री उमाशंकर सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह, सभासद बादल सोनकर, उमेश चौहान, रवि गुप्ता, शिवरतन गुप्ता, अशोक द्विवेदी, राजेश गुप्ता, पूर्व प्रधान संजय मौर्य, पूर्व विधायक शिव तपस्या पासवान, अभिषेक मिश्रा, पूर्व प्रधान शिवकुमार मौर्य, डॉ. रामअशीष कुशवाहा, विजयी मौर्य सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए एडिशनल एसपी ऑपरेशन दिगंबर कुशवाहा, सीओ रघुराज और प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
विशेष संवाददाता- गनपत राय













