चहनियां (चंदौली)।
बलुआ पम्प कैनाल से जुड़ी नहरों में पिछले 15 दिनों से पानी की सप्लाई ठप होने के कारण धान की फसल सूखने लगी है। इससे परेशान किसानों ने शनिवार को संदीप सिंह रघुवंशी के नेतृत्व में कैनाल पर प्रदर्शन किया और प्रशासन को चेतावनी दी।
फसल बर्बादी से बढ़ी चिंता
बलुआ पम्प कैनाल से कैथी, बलुआ, डेरवा, महुअर, भगवानपुर, फुलवरिया, पहाड़पुर, समुदपुर, पूरा गणेश, पूरा विजयी, गुरेरा, रईया सहित दर्जनों गांवों के किसानों को पानी की सप्लाई मिलती है। लेकिन नहरों में पानी न आने से किसानों की धान की फसल बर्बादी की कगार पर है।
निरीक्षण में उजागर हुई लापरवाही
किसानों ने जब बलुआ पम्प कैनाल का निरीक्षण किया तो वहां एक भी कर्मचारी मौजूद नहीं मिला। इससे नाराज किसानों ने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी पूरी तरह से नदारद हैं, जबकि सरकार का साफ निर्देश है कि किसानों को टेल तक नहर की पूरी क्षमता से पानी मिलना चाहिए।
किसानों का आरोप
किसानों का कहना है कि धान रोपाई के समय से ही कैनाल कर्मियों की लापरवाही बार-बार सामने आ रही है। कई किसान बाहर नौकरी छोड़ खेती में लौटे हैं, लेकिन सिंचाई के अभाव में उनकी मेहनत पर पानी फिरता जा रहा है।
प्रदर्शन में शामिल लोग
इस मौके पर एड. संदीप सिंह, राणा प्रताप सिंह, अजीत सिंह, संतोष राम, महेश निषाद, शिवम सिंह, अंश सिंह, आकाश सिंह समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे और जल्द पानी की आपूर्ति बहाल करने की मांग की।
विशेष संवाददाता- गनपत राय













