चंदौली। पहाड़पुर मोलनापुर निवासी सीआरपीएफ जवान अरबिंद यादव के घर सोमवार को वाराणसी विकास प्राधिकरण के मानद सदस्य अम्बरीष सिंह भोला पहुंचे। उन्होंने परिजनों से भेंटकर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
हादसे में खो गया था परिवार का सहारा
बताया गया कि जवान अरबिंद यादव की शहादत बीते सप्ताह हुई थी। वह जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जनपद के बसंतगढ़ के पास कंदवा इलाके में ड्यूटी पर तैनात थे। अचानक पहाड़ी रास्ते पर सीआरपीएफ के जवानों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।
ढांढस और संवेदना
शहीद जवान के घर पहुंचे अम्बरीष सिंह भोला ने परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा—
“देश की सेवा में सर्वस्व न्यौछावर करने वाले जवानों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। परिजनों को इस कठिन समय में हम सबका साथ और सहयोग हमेशा मिलेगा। मेरे लायक जो भी सेवा होगी, मैं तत्पर रहूंगा।”
मौजूद रहे लोग
इस अवसर पर क्षेत्र के कई लोग भी साथ मौजूद रहे। जिनमें अतुल सिंह रघुवंशी, संतोष खरवार, रोशन सिंह, राजेश यादव सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।
शहीद की शहादत को नमन करते हुए ग्रामीणों ने कहा कि अरबिंद यादव का बलिदान हमेशा याद किया जाएगा। गांव के युवाओं के लिए वह प्रेरणा बनकर रहेंगे।
विशेष संवाददाता- गनपत राय













