चंदौली। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के नेतृत्व में बुधवार को जिला पंचायत कार्यालय कटरा में व्यापारी स्थापना दिवस बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। 3 सितंबर को हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी संगठन से जुड़े पदाधिकारी और व्यापारी एकत्र हुए और व्यापारी समाज के गौरव तथा हितों की रक्षा के संकल्प को दोहराया।
व्यापारी स्वाभिमान दिवस के रूप में स्थापना दिवस
जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा ने सभी व्यापारियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि 3 सितंबर को व्यापारी स्थापना दिवस को व्यापारी स्वाभिमान दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। यह दिन संगठन की नींव रखने वाले राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल के दूरदर्शी नेतृत्व को समर्पित है, जिन्होंने व्यापारियों की सुरक्षा, सम्मान और समस्याओं के समाधान हेतु संगठन की स्थापना की थी। आज यह संगठन एक विशाल वृक्ष बन चुका है जिसकी शाखाएं पूरे देश में फैली हुई हैं।
संगठन के उद्देश्य और संकल्प
राकेश शर्मा ने कहा कि संगठन का प्रमुख उद्देश्य व्यापारी समाज को प्रथम दर्जे का नागरिक सम्मान दिलाना है। व्यापारी को समाज में फौजी और प्रशासनिक अधिकारियों जैसी गरिमा प्राप्त होनी चाहिए। संगठन लगातार इस दिशा में संघर्षरत है कि व्यापारियों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो और उनके उद्योग-व्यापार की प्रगति से राष्ट्र पुनः विश्व गुरु और सोने की चिड़िया के स्थान को प्राप्त करे।
उन्होंने यह भी कहा कि संगठन भ्रष्टाचार को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं करता। संकल्प लिया गया कि व्यापारी समाज एकजुट होकर देश से भ्रष्टाचार को जड़ से समाप्त करने में सहयोग करेगा।
विधान परिषद में व्यापारी प्रतिनिधियों की मांग
जिला अध्यक्ष ने यह भी मांग उठाई कि जैसे शिक्षक और स्नातक क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य चुने जाते हैं, वैसे ही पंजीकृत व्यापारियों में से भी प्रतिनिधि चुनकर विधान परिषद भेजे जाएं। इससे व्यापारी समाज की आवाज़ सरकार तक और मजबूती से पहुँचेगी।
राष्ट्रहित सर्वोपरि
सभा को संबोधित करते हुए पदाधिकारियों ने कहा कि एक व्यापारी का पहला कर्तव्य अपने परिवार और व्यवसाय के साथ-साथ राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना है। हमारी संपत्ति और वैभव राष्ट्र की धरोहर है, इसलिए किसी भी परिस्थिति में भारत माता के सम्मान से समझौता नहीं होना चाहिए।
बैठक में उपस्थिति
बैठक में बड़ी संख्या में व्यापारी और पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें प्रमुख रूप से महिला जिला अध्यक्ष अर्चना देवी, शीला देवी, शीला गुप्ता, महेन्द्र गुप्ता, मंजू जायसवाल, रीता रंजन, अब्दुल कलाम अंसारी, आभा चौरसिया, गायत्री देवी, सुमन गुप्ता, घूरेलाल कनौजिया, मो. ताज, कंचन देवी समेत अनेक पदाधिकारी शामिल रहे।
विशेष संवाददाता- गनपत राय













