चंदौली। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की मासिक बैठक गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार, सीओ सकलडीहा स्नेहा तिवारी और सीओ सदर देवेन्द्र कुमार ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में जिले के सम्मानित व्यापारियों ने अपनी समस्याएँ अधिकारियों के समक्ष रखीं। इस दौरान एसपी आदित्य लांग्हे ने नवरात्र और दशहरा की बधाई देते हुए कहा कि मिशन शक्ति फेज-5 के तहत नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी सशक्तिकरण के साथ-साथ व्यापारियों की सुरक्षा भी पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि व्यापारियों की सभी सुरक्षा संबंधी समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाएगा। अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतों को भी संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर निपटाया जाएगा।
व्यापारियों ने रखी मांगें
जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा ने कहा कि बाजार में सीसीटीवी कैमरे लगने से असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण आसान होगा। उन्होंने पुलिस से त्योहारों के दौरान गश्त बढ़ाने, ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने और व्यापारियों से दुर्व्यवहार न करने की अपील की। शर्मा ने कहा कि व्यापारी देश की आर्थिक रीढ़ हैं और उनके हितों की रक्षा जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है।
प्रशासन का आश्वासन
अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि त्योहारों के समय सुरक्षा-व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। ट्रैफिक प्रबंधन, बाजारों में पुलिस गश्त और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में जिला महामंत्री अनिरुद्ध जायसवाल, महिला जिलाध्यक्ष अर्चना देवी, शीला देवी, महेंद्र गुप्ता, सुनील सिंह, बसंत गुप्ता, घूरे लाल कन्नौजिया, मिट्ठू गुप्ता, शिवदास बिन्द, रामप्रकाश गुप्ता, घनश्याम शर्मा, आभा चौरसिया, रीता रंजन, मंजू जायसवाल, शीला गुप्ता, अजीत जायसवाल, इम्तियाज अहमद, गुड्डू हाजी साहब, जगन अग्रवाल, मंटू शर्मा, निधि तिवारी समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।









