चंदौली। बबुरी थाना क्षेत्र के गौड़ीहार गांव में सोमवार की दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। खेल रहे बच्चों की किलकारियां अचानक चीख-पुकार में बदल गईं, जब ट्रैक्टर का टायर तेज धमाके के साथ फट गया और उसकी चपेट में आकर एक 6 वर्षीय मासूम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
खेल के बीच आया मातम
गांव के खेल मैदान में उस समय कई बच्चे खेल रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में खड़ा ट्रैक्टर कुछ दूरी पर था और ड्राइवर टायर में हवा भर रहा था। अचानक धड़ाम की तेज आवाज़ गूँजी, और टायर फटने के साथ तेज दबाव से वहां खड़ा मासूम बच्चा उछल कर दूर जा गिरा। धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए। जब तक लोग भागकर पहुंचे, तब तक मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और बच्चे का निश्चल शरीर देखकर बिलख पड़े। पूरे गांव में मातम पसर गया। लोगों की आंखें नम थीं और हर कोई यही कहता नजर आया कि “लापरवाही ने एक मासूम की जान ले ली।”
पुलिस पहुँची, ट्रैक्टर सीज़
धमाके और चीख-पुकार की आवाज़ सुनकर गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पाकर बबुरी थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही ट्रैक्टर को सीज़ कर लिया गया है और ड्राइवर से पूछताछ की जा रही है।
गांव में शोक की लहर
गौड़ीहार गांव के लोग सदमे में हैं। बच्चे की मौत से हर घर में मायूसी छा गई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से यह साफ होता है कि जरा-सी लापरवाही भी कितनी बड़ी त्रासदी बन सकती है।









