चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के रामगढ़ निवासी 43 वर्षीय शिक्षिका ममता पाण्डेय की रविवार को सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उनके पति राकेश पाण्डेय (45 वर्ष) हेलमेट लगाने की वजह से बाल-बाल बच गए। घटना बिहार के चांद डाक बंगला के पास हुई, जहां आमने-सामने बाइक टकराने से ममता गंभीर रूप से घायल हुईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मृतका ममता पाण्डेय, अवकाश प्राप्त अध्यापक सदानन्द पाण्डेय की बहू थीं और कैमूर जिले के इटही स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। उनके पति भी निजी विद्यालय में अध्यापन कार्य करते हैं। रविवार को दंपति मुंडेश्वरी धाम से दर्शन-पूजन कर घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। रामगढ़ स्थित बलुआ घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। हादसे के बाद से परिवार में कोहराम मचा है और ससुर सदानन्द पाण्डेय, पति राकेश पाण्डेय व पुत्र सत्यम व सुंदरम का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर फैल गई। ममता पाण्डेय अपने मृदुल स्वभाव और शिक्षण कार्य के प्रति समर्पण के लिए जानी जाती थीं। उनके निधन के शोक में रामगढ़ की 152 वर्षीय ऐतिहासिक रामलीला का मंचन रविवार की रात स्थगित कर दिया गया।
ग्रामीणों ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए परिजनों को सांत्वना दी। इस घटना ने इलाके में सड़क सुरक्षा और हेलमेट पहनने की महत्ता को भी उजागर कर दिया है।









