चंदौली। अंतरराष्ट्रीय वृद्ध दिवस के अवसर पर दिनांक 01 अक्टूबर 2025 को मद्दुपुर स्थित वृद्धा आश्रम में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक माननीय श्री रमेश जायसवाल ने दीप प्रज्वलित कर एवं आश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों का माल्यार्पण कर किया। विधायक ने वृद्धजनों को फल वितरित करते हुए कहा कि समाज की असली पहचान उसके बुजुर्गों से होती है। उन्होंने आश्रम में निवास कर रहे सभी वृद्धजनों को विश्वास दिलाया कि उनकी हर आवश्यकता को पूरा करने के लिए वे हमेशा तत्पर रहेंगे और किसी भी प्रकार की दिक्कत आने पर प्रशासन उनके साथ खड़ा रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान आश्रम का माहौल भावनात्मक और प्रेरणादायी बना रहा। इस मौके पर बुजुर्गों ने भी विधायक जी का आशीर्वाद दिया और अपने अनुभव साझा किए।
स्वास्थ्य परीक्षण और जागरूकता कार्यक्रम
इस अवसर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चंदौली की मेडिकल टीम ने वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। टीम ने ब्लड प्रेशर, शुगर, हड्डियों की मजबूती और अन्य सामान्य बीमारियों की जांच की। इसके साथ ही उन्हें आवश्यक परामर्श भी दिया गया।
मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को रेखांकित करते हुए मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. नितेश ने वरिष्ठ नागरिकों का मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण किया और बताया कि बुजुर्गों में अकेलापन, तनाव और अवसाद जैसी समस्याएँ अधिक पाई जाती हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों को इन समस्याओं से निपटने के उपाय बताए और परिजनों से अपील की कि वे अपने बुजुर्गों को समय और सम्मान दें।
नशामुक्ति पर विशेष सत्र
कार्यक्रम में राष्ट्रीय टोबैको कंट्रोल प्रोग्राम से आए डॉ. अभिषेक ने तंबाकू, सिगरेट, खैनी, बीड़ी और अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि ये पदार्थ न केवल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हैं बल्कि परिवार और समाज की खुशहाली में भी बाधा डालते हैं। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से नशामुक्त समाज बनाने का आह्वान किया।
प्रशासनिक अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग की उपस्थिति
इस मौके पर नोडल अधिकारी डॉ. सी.पी. सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रेम प्रकाश उपाध्याय, डॉ. गुरचरण सहित स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने वृद्धजनों से संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि समय-समय पर ऐसे स्वास्थ्य शिविर और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आयुष्मान कार्ड वितरण
विशेष रूप से कार्यक्रम में 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुष्मान भारत कार्ड भी बनाए गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर ही आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर लाभार्थियों को कार्ड उपलब्ध कराए, ताकि वे भविष्य में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकें।
सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल
कार्यक्रम के दौरान आश्रम परिसर में सेवा, सम्मान और संवेदनशीलता की भावना साफ झलक रही थी। विधायक सहित उपस्थित अतिथियों ने वृद्धजनों के साथ समय बिताया, उनके अनुभव सुने और उनका हौसला बढ़ाया।
वृद्धा आश्रम के प्रबंधकों ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से न केवल बुजुर्गों को सम्मान और सुरक्षा का एहसास होता है बल्कि समाज में भी एक सकारात्मक संदेश जाता है कि हमें अपने बुजुर्गों का आदर और ख्याल रखना चाहिए।













