चंदौली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में सोमवार को विकास खंड चहनियां के टाण्डाकलां गांव में पथ संचलन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व ब्लॉक प्रमुख अरुण जायसवाल ने किया, जबकि क्षेत्रभर से आए सैकड़ों स्वयंसेवकों ने राष्ट्रप्रेम और अनुशासन की भावना के साथ इस आयोजन में भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत शाम 3 बजे रामशाला परिसर से हुई, जहां स्वयंसेवक गणवेश में अनुशासित पंक्ति में भगवा पताका फहराते हुए “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के गगनभेदी नारों के साथ आगे बढ़े। यह पथ संचलन गांव के मुख्य मार्गों का भ्रमण करते हुए पुनः रामशाला परिसर पर समाप्त हुआ।
गांव में देशभक्ति का माहौल, पुष्पवर्षा से स्वागत
पथ संचलन के दौरान पूरा टाण्डाकलां गांव देशभक्ति के रंग में रंग गया। ग्रामीणों ने जगह-जगह स्वयंसेवकों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और जयघोषों से माहौल गुंजायमान हो उठा। हर उम्र के लोग — बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं — सड़कों के किनारे खड़े होकर इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बने।
गांव के लोगों ने कहा कि “राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता जिस अनुशासन और निष्ठा के साथ राष्ट्रहित में कार्य करते हैं, वह युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।”
नेताओं और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख श्री अरुण जायसवाल उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि “संघ का उद्देश्य राष्ट्र को संगठित, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। प्रत्येक स्वयंसेवक का कर्तव्य है कि वह समाज और देश की सेवा में सदैव तत्पर रहे।”
इस मौके पर प्रमुख रूप से
जुगनू मिश्र, विवेक जायसवाल (शिक्षक), सूर्यमुनि तिवारी, आशीष रघुवंशी, चंदन जायसवाल, खंड संचालन शिवपूजन जी, नगर कार्यवाह अंकित जी, खंड कार्यवाहक सुमन जी, सह खंड कार्यवाहक विवेक जायसवाल, रोहित जी, अमित पांडेय सहित कई सम्मानित कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राष्ट्रीय एकता और अनुशासन का संदेश
कार्यक्रम के अंत में स्वयंसेवकों ने संघ गीत का सामूहिक गान किया और राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प दोहराया।
रामशाला परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम ने न केवल टाण्डाकलां बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी राष्ट्रीय एकता और समाजसेवा का सशक्त संदेश दिया।













