चंदौली। आगामी पर्वों — डाला छठ, एकादशी, कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली — को ध्यान में रखते हुए बलुआ स्थित पश्चिम वाहिनी गंगा घाट पर मंगलवार को बड़े पैमाने पर सफाई अभियान शुरू किया गया। एडियो पंचायत राजेश सिंह के नेतृत्व में घाट परिसर में जमी मिट्टी और गंदगी को हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
जानकारी के अनुसार, बाढ़ के दौरान घाट पर जमी भारी मात्रा में मिट्टी के कारण श्रद्धालुओं के आवागमन में दिक्कत हो रही थी। इसे देखते हुए एडियो पंचायत की देखरेख में ग्राम विकास अधिकारी अतुल यादव ने 150 सफाई कर्मियों की टीम लगाकर घाट की सीढ़ियों और आसपास के क्षेत्रों की सफाई शुरू कराई है।
एडियो पंचायत अधिकारी ने बताया कि “गंगा का जलस्तर अभी पूरी तरह नहीं घटा है, लेकिन जितना घटा है, उस हिस्से की सीढ़ियों और किनारों पर जमी मिट्टी को हटाया जा रहा है। सफाई कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।”
हर साल डाला छठ और देव दीपावली के अवसर पर चहनियां, खंडवारी, रमौली, गुरेरा, मथेला, लक्ष्मणगढ़, सराय, सोनहुला, राधे के मढ़ई, पपौरा और विशुनपुरा सहित दर्जनों गांवों के श्रद्धालु मां भागीरथी की पूजा-अर्चना और स्नान दान के लिए बलुआ घाट पहुंचते हैं।
स्थानीय प्रशासन का कहना है कि आगामी पर्वों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए घाट की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि त्योहारों का पर्व श्रद्धा और स्वच्छता दोनों के साथ संपन्न हो सके।









