डीडीयू नगर। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले अवैध धन के उपयोग को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। इसी कड़ी में सोमवार देर रात जीआरपी (Government Railway Police) और आरपीएफ (Railway Protection Force) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डीडीयू रेलवे स्टेशन से दो युवकों को 44.90 लाख रुपये नगद के साथ गिरफ्तार किया। दोनों युवक रुपये की वैध जानकारी या दस्तावेज पेश नहीं कर सके। पुलिस ने तुरंत आयकर विभाग वाराणसी को सूचना दी, जिसके बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रुपये तथा दोनों आरोपितों को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बिहार की ओर जाने वाली सभी ट्रेनों और स्टेशन परिसर में निगरानी तेज कर रखी है। सोमवार रात जीआरपी के एसआई स्वतंत्र सिंह, आनंद कुमार भारती, और आरपीएफ की एसआई सरिता गुर्जर गश्त पर थे। इसी दौरान लगभग रात 1:15 बजे प्लेटफार्म संख्या 1 और 2 के बीच दो संदिग्ध युवकों को देखा गया। संदेह के आधार पर जब दोनों की तलाशी ली गई, तो उनके बैग से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई।
पूछताछ में दोनों ने अपना नाम निर्मल प्रीतम (निवासी गिधौर, जिला जमुई, बिहार) और अंकित राज (निवासी धपरी, थाना झाझा, जिला जमुई, बिहार) बताया। दोनों ने स्वीकार किया कि वे यह रुपये लेकर बिहार जा रहे थे, लेकिन रुपये के स्रोत या प्रयोजन से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके।
जीआरपी प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह और आरपीएफ प्रभारी प्रदीप कुमार रावत ने बताया कि “बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर यह कार्रवाई की गई। जब दोनों से पूछताछ की गई तो वे रुपयों के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके।”
पुलिस द्वारा जब रुपये की गिनती की गई तो कुल 44 लाख 90 हजार रुपये नकद बरामद हुए। इसके बाद तत्काल आयकर विभाग वाराणसी को मामले की सूचना दी गई। टीम के पहुंचने पर रुपये और दोनों युवकों को उनके सुपुर्द कर दिया गया।
फिलहाल आयकर विभाग की टीम दोनों से पूछताछ कर रही है और इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और इसे बिहार चुनाव के दौरान कहां उपयोग किया जाना था। विभागीय सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि यह रकम चुनाव प्रचार या मतदाताओं को प्रभावित करने के उद्देश्य से लाई जा रही थी।
रेल प्रशासन ने कहा है कि आगामी दिनों में चुनाव तक ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर संदिग्ध व्यक्तियों और पार्सलों की सघन जांच जारी रहेगी, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को रोका जा सके।













