चंदौली। जनपद की अग्रणी सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था अस्मिता नाट्य संस्थान की ओर से सुभाष पार्क में एक शोक सभा का आयोजन कर समाज के दो वरिष्ठ एवं सम्मानित व्यक्तित्वों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान नगर के प्रमुख व्यवसाई, समाजसेवी तथा रविनगर निवासी रहे 80 वर्षीय सुभाष अग्रवाल एवं गोरखपुर निवासी अखिल भारतीय विश्वकर्मा समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष छेदी बाबू विश्वकर्मा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दोनों दिवंगत आत्माओं के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई, जिसके बाद उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। बताया गया कि सुभाष अग्रवाल वर्तमान में दिल्ली में निवास कर रहे थे, जबकि छेदी बाबू विश्वकर्मा का हाल ही में भोपाल में एक कार्यक्रम के दौरान निधन हो गया था। दोनों के निधन से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे समाज में शोक की लहर है।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए विश्वकर्मा सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष घनश्याम विश्वकर्मा ने कहा कि सुभाष अग्रवाल जनपद के प्रमुख कोयला व्यवसाई होने के साथ-साथ एक संवेदनशील समाजसेवी भी थे। उन्होंने अपने जीवन में जरूरतमंदों की मदद को प्राथमिकता दी और समाज के प्रति हमेशा जिम्मेदारी निभाई। वहीं छेदी बाबू विश्वकर्मा ने अखिल भारतीय विश्वकर्मा समाज को संगठित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और समाज के गरीब एवं कमजोर वर्गों के लिए कई उल्लेखनीय कार्य किए। उन्होंने कई निर्धन परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग कर सामाजिक सेवा की मिसाल पेश की।
घनश्याम विश्वकर्मा ने कहा कि इन दोनों पुण्य आत्माओं का जाना समाज के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है। उनके द्वारा किए गए सामाजिक कार्य सदैव याद किए जाएंगे और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देते रहेंगे।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में नंदलाल शर्मा, विजय शंकर शर्मा, विधासागर विश्वकर्मा, कैलाश विश्वकर्मा, अन्नू जायसवाल, दिलीप केशरी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अस्मिता नाट्य संस्थान की ओर से महासचिव विजय कुमार गुप्ता ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था समाज के ऐसे प्रेरणास्रोत व्यक्तित्वों को सदैव स्मरण करती रहेगी।
कार्यक्रम का समापन शोकाकुल वातावरण में हुआ, जहां उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।













