वाराणसी। जिले में बढ़ती शीतलहर और कड़ाके की ठंड को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने गुरुवार देर रात शहर के विभिन्न रैन बसेरों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि भीषण ठंड में कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति खुले आसमान के नीचे सोने को मजबूर न हो।
डीएम ने सिकरौल, परमानंदपुर और पाण्डेयपुर चौराहा स्थित स्थायी व अस्थायी रैन बसेरों का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल भी उनके साथ मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान बिस्तरों की उपलब्धता, अलाव की व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जांच की गई। खास तौर पर परिवारों और बच्चों को लेकर डीएम ने संवेदनशील रुख अपनाते हुए नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिया कि उनके लिए अलग, सुरक्षित और समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य और स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए नियमित सफाई के साथ मच्छर नियंत्रण के लिए एंटी-लार्वा छिड़काव लगातार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि रैन बसेरों की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके साथ ही डीएम ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि कहीं कोई व्यक्ति ठंड में खुले में सोता या ठिठुरता हुआ दिखाई दे, तो तुरंत जिला प्रशासन को सूचना दें, ताकि उसे सुरक्षित स्थान और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।









