बलिया। बेल्थरा रोड क्षेत्र में हुए आयुष यादव हत्याकांड के छठवें दिन शुक्रवार देर रात डीआईजी सुनील कुमार सिंह ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले की जांच पूरी निष्पक्षता और गंभीरता के साथ की जा रही है तथा दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उनके साथ ओमवीर सिंह सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।
डीआईजी ने मृतक के पिता बच्चा यादव से बातचीत कर घटना से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और परिजनों की पीड़ा को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतेगी और सभी जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि प्रशासन हर कदम पर पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है।
डीआईजी की इस मुलाकात के बाद पीड़ित परिवार को कुछ हद तक राहत महसूस हुई है। वहीं, क्षेत्र में यह संदेश भी गया है कि आयुष यादव हत्याकांड को लेकर प्रशासन दबाव में नहीं, बल्कि पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रहा है।
उल्लेखनीय है कि 13 दिसंबर की शाम बेल्थरा रोड में 25 वर्षीय राहुल उर्फ आयुष यादव को उसके घर से कुछ दूरी पर नकाबपोश बदमाशों ने गोली मार दी थी। गंभीर हालत में उसे वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस मामले में मृतक के मौसेरे भाई की तहरीर पर उभांव थाने में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश देखने को मिला था। मंगलवार को समाजवादी पार्टी ने तहसील मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की थी। साथ ही बेल्थरा रोड क्षेत्र में अवैध गतिविधियों और एक कथित युवा गैंग के सक्रिय होने के आरोप भी लगाए गए थे।









