गोरखपुर। योगी आदित्यनाथ इसी माह एकला बांध रिंग रोड और राप्ती तट पर विकसित ईको पार्क का लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम के दौरान 131 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज भी फहराया जाएगा, जिसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
रविवार को नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने एकला बांध पर बन रहे राप्ती ईको पार्क और रिंग रोड का निरीक्षण किया। उन्होंने पार्क के सौंदर्यीकरण और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रवेश द्वार के सामने संगमरमर के शेरों की दो बड़ी मूर्तियां स्थापित करने, बांध के डिवाइडर पर रेलिंग व ट्री-गार्ड लगाने और छायादार वृक्षों का रोपण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही 131 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज के निर्माण कार्य में तेजी लाने और उसके रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार को सौंपने की बात कही गई।
बताया जा रहा है कि एकला रिंग रोड का निर्माण लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है, जबकि ईको पार्क पर करीब 5 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री का लोकार्पण कार्यक्रम 21 अप्रैल को प्रस्तावित है, जिसे लेकर प्रशासन पूरी तरह से तैयारियों में जुटा हुआ है।









