चंदौली। हर वर्ष की परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष भी ग्राम सभा मरुई धारूपुर में कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ठंड के मौसम में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बुजुर्ग महिलाएं, विधवा, गरीब वर्ग के लोग एवं वृद्ध पुरुष उपस्थित रहे। कड़ाके की ठंड के बीच जरूरतमंदों को कंबल मिलने से उनके चेहरों पर राहत और खुशी साफ दिखाई दी।
कार्यक्रम के दौरान लोगों के लिए चाय की भी व्यवस्था की गई थी, जिससे ठंड से राहत मिली। कंबल प्राप्त कर ग्रामीणों ने आयोजकों को दुआएं दीं और इस मानवीय पहल की सराहना की।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कौशलपती त्रिपाठी ने कहा कि यह अत्यंत खुशी का विषय है कि क्षेत्र पंचायत सदस्य पीयूष तिवारी लगातार कई वर्षों से इस तरह का पुण्य कार्य करते आ रहे हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी इसी निष्ठा और समर्पण के साथ समाज सेवा का यह क्रम जारी रहेगा। उन्होंने पीयूष तिवारी को एक कर्तव्यनिष्ठ और वरिष्ठ समाजसेवी बताते हुए कहा कि वे अपनी ग्राम सभा के हर वर्ग की मदद के लिए सदैव तत्पर रहते हैं।
कार्यक्रम में मौजूद प्रधान प्रतिनिधि एवं पूर्व प्रधान जितेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि ठंड के मौसम में कंबल वितरण जैसे कार्य समाज के प्रति प्रेम, अपनत्व और सेवा भावना का परिचायक हैं। ऐसे कार्य जरूरतमंदों के जीवन में बड़ी राहत लेकर आते हैं।
वर्तमान क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) पीयूष तिवारी ने कहा कि जब तक उनमें शक्ति और सांस है, तब तक वे समाज के हर वर्ग की सेवा करते रहेंगे। उन्होंने ईश्वर से कामना की कि समाज का प्रत्येक व्यक्ति सुख-समृद्धि और शांति के साथ जीवन व्यतीत करे। जरूरत पड़ने पर किसी भी प्रकार की सहायता के लिए वे हमेशा उपलब्ध रहेंगे।
कार्यक्रम में रामदुलारे, बच्चन, जसवंत, मिठाईलाल, किताबू, दुलारे, सियाराम, मुराही देवी, सुशीला, धनसिर, बदामी, सत्यम तिवारी, राहुल तिवारी, बब्बू तिवारी, संजय तिवारी, निर्भय तिवारी, ओमप्रकाश तिवारी, अमन तिवारी, राहुल मुन्ना तिवारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं माताएं-बहनें उपस्थित रहीं।













