जशपुरनगर। जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कलिया में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां तालाब में नहाने गए मासूम भाई-बहन की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल फैल गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कलिया निवासी 11 वर्षीय योगिता दास और 9 वर्षीय विष्णु दास, पिता जितेंद्र दास, रविवार को अपनी मां के साथ जंगल महुआ बीनने गए थे। दोपहर करीब 3:30 बजे दोनों भाई-बहन गांव के तालाब में नहाने के लिए चले गए।
बताया जा रहा है कि सबसे पहले छोटा भाई विष्णु दास तालाब में उतरा, लेकिन नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। भाई को डूबता देख बड़ी बहन योगिता दास उसे बचाने के लिए तुरंत पानी में कूद गई, लेकिन उसे भी ठीक से तैरना नहीं आता था। इस वजह से वह भी गहरे पानी में चली गई और दोनों की डूबने से मौत हो गई।
कुछ देर बाद आसपास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई तो गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत नारायणपुर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तालाब में खोजबीन शुरू की गई।
काफी प्रयास के बाद दोनों बच्चों के शव तालाब से बाहर निकाले गए। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बगीचा भेज दिया है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।













