लखनऊ। राजधानी के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के धर्मावलखेड़ा गांव में रविवार सुबह दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। एक युवक घर में घुसा और 19 वर्षीय बीएससी छात्रा प्रियांशी रावत की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या की वजह—प्रियांशी द्वारा शादी से इनकार करना। आरोपी आलोक कुमार (उम्र लगभग 22–25) वारदात के बाद बाइक से फरार हो गया।
घटना इतनी भयावह थी कि खून से लथपथ प्रियांशी सीढ़ियां उतरकर नीचे आईं और करीब 10 मिनट तक तड़पने के बाद घर के दरवाजे पर दम तोड़ दिया। इस दौरान घर में मौजूद 15 वर्षीय छोटी बहन महक मदद के लिए चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन पड़ोसियों को कुछ समझने से पहले ही सब खत्म हो गया।
तीन साल पुराना रिश्ता, नशे की लत पर टूटी बात
परिजनों के मुताबिक तीन साल पहले प्रियांशी का रिश्ता आरोपी आलोक से तय हुआ था। बाद में पता चला कि आलोक शराब का आदि है और जुआ खेलता है। एक साल पहले परिवार ने यह रिश्ता तोड़ दिया था।
परिजनों ने बताया कि आलोक कई बार नशा छोड़ने का दावा कर चुका था, लेकिन परिवार ने उसकी आदतों को देखते हुए शादी से साफ इनकार कर दिया। रविवार सुबह आलोक अचानक घर पहुंचा और प्रियांशी से आखिरी बार पूछा— “शादी करोगी?”
इनकार मिलते ही उसने जेब से चाकू निकालकर हमला कर दिया।
महक की आंखों के सामने हुआ सब
छात्रा की बहन महक ने पुलिस को बताया कि आलोक बाइक 100 मीटर दूर छोड़कर घर आया था। वह सीधे ऊपर कमरे में गया जहां प्रियांशी सो रही थी।
महक ने बताया—
“दीदी ने मना किया तो उसने तुरंत चाकू निकालकर गला काट दिया। मैं डरकर ऊपर भाग गई। दीदी खून-खून हो गई थीं। वह सीढ़ियां उतरकर नीचे आईं और दर्द से तड़पती रहीं। थोड़ी देर बाद उनकी मौत हो गई।”
उस वक्त मां पूनम रावत पीजीआई क्षेत्र में अपनी ड्यूटी पर थीं। पिता रमेश रावत का तीन साल पहले निधन हो चुका है, जिससे घर की जिम्मेदारी दोनों बहनों और मां पर ही थी।
गांव में हंगामा, परिजनों ने शव उठाने से किया इनकार
वारदात के बाद गांव में भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाने से रोक दिया। लगभग एक घंटे की समझाइश के बाद पुलिस किसी तरह शव को कब्जे में ले सकी।
आरोपी पर बसपा पदाधिकारी होने का दावा
आलोक कुमार की इंस्टाग्राम आईडी official_sinu_7087 पर वह खुद को बसपा नेता, “वार्ड-14 अध्यक्ष भरवारा मल्हौर” बताता है।
उसकी प्रोफाइल पर “जय भीम, जय संविधान” और “बसपा जिंदाबाद” लिखा हुआ है। साथ ही उसके नाम पर एक इनोवा कार (UP32 MV 7087) रजिस्टर्ड है।
पुलिस इन सभी पहलुओं की भी जांच कर रही है।
आरोपी की तलाश में तीन टीमें
ADCP रल्लापल्ली यसंथ कुमार ने बताया कि आरोपी आलोक कुमार की तलाश के लिए तीन स्पेशल पुलिस टीमें गठित की गई हैं।
सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल की लोकेशन, कॉल रिकॉर्ड, और घटनास्थल से जुटाए फॉरेंसिक साक्ष्यों की जांच की जा रही है। इसके अलावा आलोक के संभावित ठिकानों पर दबिशें दी जा रही हैं।
गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो सके।













