वाराणसी। लालपुर थाना क्षेत्र के पांडेयपुर ओवरब्रिज पर रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। करीब 6:20 बजे तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वह सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, काली माता मंदिर के पास स्थित ओवरब्रिज पर उत्तर प्रदेश नंबर की कार (UP67Y5657) और बाइक (UP65EH5067) के बीच जोरदार टक्कर हुई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार उछलकर सड़क पर जा गिरा और मौके पर ही अचेत हो गया।
सूचना मिलते ही पांडेयपुर चौकी प्रभारी प्रवीन सचान पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल को दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल भेजा, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घायल की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
हादसे के बाद कार को क्रेन के जरिए लालपुर पांडेयपुर थाने ले जाया गया। दुर्घटना के चलते ओवरब्रिज पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, हालांकि पुलिस ने जल्द ही ट्रैफिक को सुचारु करा दिया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दुर्घटना तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुई।









