चंदौली। मुगलसराय थाना क्षेत्र के चतुर्भुजपुर इलाके में बच्चों के मामूली झगड़े ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। 3 दिसंबर को एस.आर.बी. स्कूल से घर लौट रहे बच्चों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो ओडवार चतुर्भुजपुर स्थित एक जनरल स्टोर के सामने बढ़ गया। बच्चों को समझाने पहुंचे दुकानदार मनमोहन प्रताप सिंह और उनके बड़े भाई भानु प्रताप सिंह इस विवाद की भेंट चढ़ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्चों के झगड़े के शांत होने के कुछ ही समय बाद एक पक्ष के परिजन लाठी-डंडों से लैस होकर मौके पर पहुंचे और दोनों भाइयों पर अचानक हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लाठी-डंडों की मार से दोनों भाई गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घायलों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान भानु प्रताप सिंह ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया, वहीं मोहल्ले में भय और आक्रोश का माहौल बन गया।
मृतक के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अभिनव पुत्र दिनेश सिंह, दिनेश सिंह पुत्र स्वर्गीय गिरजा शंकर सिंह और अंश प्रताप सिंह पुत्र दिनेश सिंह, निवासी विजयनगर कॉलोनी चतुर्भुजपुर, मुगलसराय के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।









