वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के हटिया इलाके में एक मामूली घरेलू विवाद ने देखते ही देखते भयावह रूप ले लिया। कपड़े सुखाने को लेकर दो किराएदार महिलाओं के बीच हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि दोनों तीसरे माले से नीचे गिर पड़ीं। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हटिया क्षेत्र में स्थित राधा प्रसाद वर्मा के तीन मंजिला मकान में कई किराएदार परिवार रहते हैं। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे तीसरे तल पर रहने वाली 22 वर्षीय ज्योति प्रजापति, पत्नी तेज बहादुर, कपड़े सुखाने के लिए छत की ओर गई थीं। इसी दौरान दूसरी मंजिल पर रहने वाली 28 वर्षीय समसुल बेगम उर्फ सुमन भी कपड़े सुखाने के लिए तारों का इस्तेमाल करने लगीं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मामूली नोकझोंक देखते ही देखते गाली-गलौज और फिर हाथापाई में बदल गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों महिलाएं तीसरे तल के खुले बारजे (बालकनी) की ओर पहुंच गईं। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से दोनों नीचे गिर पड़ीं। गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े।
नीचे गिरते ही ज्योति प्रजापति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि समसुल बेगम गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और इलाज जारी है।
मृतका ज्योति के पति तेज बहादुर ने बताया कि उनकी शादी कुछ साल पहले हुई थी और उनकी दो मासूम बेटियां हैं—एक की उम्र लगभग दो साल है, जबकि दूसरी बच्ची मात्र दो महीने की है। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और दोनों मासूम बच्चियों के सिर से मां का साया उठ गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों महिलाएं लंबे समय से उसी मकान में किराए पर रह रही थीं और इससे पहले भी उनके बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर कहासुनी होती रहती थी, लेकिन किसी ने यह नहीं सोचा था कि एक दिन यह विवाद इतना भयावह मोड़ ले लेगा।
घटना की सूचना मिलते ही शिवपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायल महिला के बयान और प्रत्यक्षदर्शियों की जानकारी के आधार पर मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में हत्या और गैर इरादतन हत्या समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
घटना के बाद इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए थे, जिससे कुछ देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई, हालांकि पुलिस की मौजूदगी में हालात काबू में रहे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी। यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि छोटी-छोटी बातों पर बढ़ता गुस्सा किस तरह बड़े हादसों में बदल जाता है।













