चंदौली। इलिया थाना क्षेत्र के डेहरी खुर्द गांव में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घर का सामान खरीदकर साइकिल से लौट रहे एक किसान को कार सवार बदमाशों ने रोककर गोली मार दी और फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल किसान को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 42 वर्षीय तेजबली चौहान सामान लेकर साइकिल से अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक कार आकर रुकी और उसमें सवार लोगों ने तेजबली को रोका। कुछ कहासुनी के बाद बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही किसान सड़क पर गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल किसान को जिला अस्पताल भिजवाया गया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। घटना की खबर मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक और सीओ चकिया समेत कई थानों की फोर्स गांव पहुंच गई।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में जमीनी विवाद की आशंका जताई जा रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि वारदात में गांव के ही किसी व्यक्ति की भूमिका हो सकती है। हमलावरों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
घटना के बाद डेहरी खुर्द गांव में भय और तनाव का माहौल है। पुलिस ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।









