वाराणसी। चौक थाना क्षेत्र में दुकान में चोरी कर सबूत मिटाने के लिए आग लगाने की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी की गई ₹34 हजार की नकदी और एक मोबाइल फोन बरामद किया है, जबकि दूसरा आरोपी अभी फरार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, 23 दिसंबर की रात चौक क्षेत्र में स्थित एक दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने लगभग ₹50 हजार की नकदी चोरी कर ली थी। इसके बाद चोरी की घटना को छिपाने और सबूत नष्ट करने के इरादे से आरोपियों ने दुकान में आग लगा दी थी। इस संबंध में दुकान मालिक पुरुषोत्तम दास अग्रवाल ने चौक थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिरों की सूचना के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके बाद शनिवार सुबह चंदौली जिले के सतपोखरी गांव से मुख्य आरोपी राधे यादव पुत्र भोला नाथ यादव को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी राधे यादव ने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि उसने अपने फुफेरे भाई जितेंद्र यादव निवासी कटहर गंज, थाना चोलापुर, वाराणसी के साथ मिलकर 23 दिसंबर की रात करीब 1:30 बजे वारदात को अंजाम दिया था। दोनों ने दुकान का ताला तोड़कर नकदी चोरी की और पहचान छिपाने के उद्देश्य से आग लगा दी। चोरी की रकम दोनों ने आपस में बांट ली थी, जिसमें से राधे यादव के हिस्से के ₹34 हजार पुलिस ने उसके घर से बरामद कर लिए।
पुलिस ने फरार आरोपी जितेंद्र यादव की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं लगा। पुलिस ने उसके खिलाफ वांछित की कार्रवाई शुरू कर दी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
चौक पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर लोगों का भरोसा बढ़ा है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।













