चौबेपुर। थाना क्षेत्र के डुबकियां गांव के पास एक बुजुर्ग महिला को झांसा देकर चेन ले भागने का मामला सामने आया है। पीड़िता जसोदा देवी निवासी छितौना, थाना केराकत (जौनपुर) अपने बेटे संजय यादव के साथ शनिवार दोपहर नरपतपुर गांव में रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने जा रही थीं।
परिवार के अनुसार, चौबेपुर चौराहे पर वाहन का इंतजार करते समय एक युवक स्प्लेंडर बाइक पर उनके पास आया और बातचीत के दौरान खुद को उसी शादी में जाने वाला बताकर परिचितों का हवाला देने लगा। भरोसा जमाने के बाद उसने बुजुर्ग महिला को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर साथ चलने का प्रस्ताव दिया। महिला के बेटे संजय ने बताया कि वह ऑटो से पीछे-पीछे चल रहे थे।
डुबकियां पेट्रोल पंप के पास पुलिया के समीप युवक ने महिला को बाइक से उतार दिया और बेहद शातिर तरीके से विश्वास में लेते हुए कहा कि “सफर में गले की चेन गिर सकती है, इसे बैग में रख लेना बेहतर होगा।” महिला ने बिना शक किए चेन उतारकर युवक को दे दी। उसने बैग खोलकर चेन रखने का नाटक किया और फिर बाइक में पेट्रोल भरवाने के बहाने वहां से निकल गया।
काफी देर बाद भी जब वह वापस नहीं लौटा, तब ऑटो से पहुंचे संजय ने स्थिति समझी। बुजुर्ग महिला सहमी हुई हालत में बैठी मिलीं जबकि ठग मौके से रफूचक्कर हो चुका था।
परिवार का कहना है कि युवक ने शादी का हवाला देकर पहले से योजनाबद्ध तरीके से पूरी घटना को अंजाम दिया। मामले की जानकारी तुरंत केराकत थाने में दी गई, जहां अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।









