चंदौली। प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत मंगलवार को जिला बाल संरक्षण विभाग चंदौली की ओर से मारुफपुर स्थित एक निजी संस्थान से बालिका सुरक्षा साइकिल रैली निकाली गई। रैली को मुख्य अतिथि बाल संरक्षण अधिकारी किशन वर्मा और ब्रांड एंबेसडर राकेश यादव रौशन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए किशन वर्मा ने कहा कि महिला सुरक्षा प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से प्रदेश के 1663 थानों में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां महिलाएं निडर होकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं। उन्होंने बताया कि बीसी सखी, लखपति दीदी, 1090 महिला हेल्पलाइन जैसी योजनाएं महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।
वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक दीक्षा अग्रहरि ने कहा कि महिलाओं के सम्मान से ही समाज की प्रगति संभव है। सरकार की सख्त कार्रवाई के चलते महिलाओं पर होने वाले अपराधों में कमी आई है और महिलाएं अब भयमुक्त होकर आगे बढ़ रही हैं।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि राकेश यादव रौशन ने कहा कि समाज और देश की उन्नति, महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से होकर गुजरती है। कार्यक्रम का संचालन राकेश ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन निदेशक रामकुंवर यादव ने दिया।
कार्यक्रम में समाजसेवी साहब लाल यादव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









