चंदौली। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में “मिशन शक्ति” अभियान के अंतर्गत “यूपी की नारी, शान हैं हमारी” थीम पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सैयदराजा विधायक सुशील सिंह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में आयोजित मुख्य समारोह का सजीव प्रसारण देखा गया और मुख्यमंत्री के संबोधन को सुना गया। इस अवसर पर पिंक रोजगार महाकुंभ पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी प्रदर्शित की गई। मुख्यमंत्री द्वारा वाराणसी मंडल की मातृशक्ति से संवाद किया गया, जिसमें चंदौली जिले की प्रगतिशील किसान सोनी कुमारी से भी बातचीत की गई।
संवाद के दौरान सोनी कुमारी ने बताया कि वह एफपीओ का संचालन करने के साथ विभागीय योजना के तहत फूलों की खेती कर रही हैं और स्वयं सहायता समूह का भी संचालन करती हैं। मुख्यमंत्री ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें अन्य महिलाओं को प्रशिक्षित करने और उनके उत्पादों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों और योजनाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं, बाल विवाह रोकथाम एवं बाल संरक्षण के क्षेत्र में योगदान देने वाली महिलाओं तथा जनपद में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली मेधावी छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के अंतर्गत नवचयनित मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए।
सम्मानित होने वाली महिलाओं में लालमणि देवी (चकिया), मंजू देवी (बबुरी), निशा देवी (आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री, बेलवानी), सुनीता देवी (आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री, मुबारकपुर), अंजू देवी (हरिड़का), आंचल (आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री, नौगढ़), गीता देवी (आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री, नौगढ़), संजू देवी (आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री, गौरी), रमावती देवी (प्रीतपुर), चंद्र कुमारी (सैरया), इंदु देवी (पालपुर), चंदा देवी (सोनहुला), प्रमिला (चंदरखा) और रीता देवी (पटनवा) सहित अन्य महिलाएं शामिल रहीं।
मुख्य अतिथि सुशील सिंह ने सभी मातृशक्ति को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यहां उपस्थित महिलाएं विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों और रोजगार से जुड़कर महिला सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और अन्य महिलाओं को भी प्रेरित कर रही हैं, जो बदलते उत्तर प्रदेश की तस्वीर है।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा से प्रदेश की मातृशक्ति तेजी से आत्मनिर्भर बन रही है और शासन महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, रोजगार और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़कर अपने जनपद और देश का नाम रोशन कर रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति अभियान और महिलाओं के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। अंत में डीसी एनआरएलएम श्वेता सिंह ने उपस्थित सभी अतिथियों और मातृशक्ति का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं, अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार (वित्त एवं राजस्व), पीडी बीबी सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।













