भदोही। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत औराई थाना क्षेत्र में पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम ने सोमवार तड़के मुठभेड़ के बाद दो अंतरजनपदीय बदमाशों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गए, जिन्हें उपचार के बाद हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि थाना औराई में दर्ज मुकदमा संख्या 472/2025 (धारा 109 बीएनएस) के तहत वांछित इन अभियुक्तों की काफी समय से तलाश की जा रही थी। दोनों बदमाश चोरी, लूट सहित अन्य गंभीर अपराधों में संलिप्त थे और विभिन्न जिलों में सक्रिय होकर वारदातों को अंजाम देते थे।
रात्रि में मिली खुफिया सूचना के आधार पर औराई पुलिस और एसओजी की टीम ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस टीम को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए और मौके से ही दबोच लिए गए।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से एक नाजायज तमंचा (315 बोर), एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक धारदार चाकू तथा काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल बरामद की गई है। बरामद सामान को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि यह कार्रवाई अपराधियों के लिए कड़ा संदेश है। जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और अपराध में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार अभियुक्तों को उपचार के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, साथ ही उनके आपराधिक इतिहास की भी गहन जांच की जा रही है।









