वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के महेश नगर कॉलोनी (परमानंदपुर) में सोमवार देर रात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर वायुसेना से सेवानिवृत्त कर्मी आनंद कुमार पांडे के मकान का दरवाजा तोड़कर भीतर घुसे और गोदरेज अलमारी का ताला तोड़कर करीब 60 से 70 हजार रुपये नकद तथा लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी उस समय हुई जब मकान मालिक की पत्नी ममता पांडे, जो बेटी के प्रसव के लिए पुणे गई हुई हैं, ने मोबाइल पर घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की। फुटेज में एक संदिग्ध चोर घर के अंदर घुसता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद ममता पांडे ने तुरंत अपने भाई नवीन पांडे, निवासी इंद्रवार बिरापट्टी (बड़ागांव थाना क्षेत्र), को सूचना दी। नवीन पांडे मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना से अवगत कराया।
सूचना मिलते ही शिवपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। हालांकि खबर लिखे जाने तक चोरी की लिखित तहरीर पुलिस को प्राप्त नहीं हुई थी। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि आनंद कुमार पांडे वायुसेना से सेवानिवृत्त होने के बाद महेश नगर कॉलोनी में मकान बनवाकर रहते हैं। वर्तमान में वे गणेशपुर स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। करीब 20 दिन पहले वे पत्नी के साथ पुणे गए थे, जिस कारण मकान पूरी तरह बंद था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने तीन दरवाजों की कुंडी तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी से नकदी व कीमती आभूषण समेटकर फरार हो गए।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में हाल के दिनों में चोरी और उचक्कागिरी की घटनाओं में इजाफा हुआ है। उनका कहना है कि थाना प्रभारी वीरेंद्र सोनकर के कार्यभार संभालने के बाद से इलाके में आपराधिक घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे कॉलोनी के लोगों में भय का माहौल है।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है।













