चंदौली। मुगलसराय के महमूदपुर नई बस्ती में गुरुवार को हुए गोलीकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया। प्रेम प्रसंग में हुई इस घटना में घायल युवती शादिया बानो उर्फ बबली (20) की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। उसे वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां रीढ़ की हड्डी के पास फंसी गोली निकालने के लिए डॉक्टरों की टीम सर्जरी की तैयारी कर रही है। पुलिस लगातार उसके इलाज पर नजर बनाए हुए है।
पांच साल का प्रेम प्रसंग बना त्रासदी
जानकारी के अनुसार, मोहल्ले का ही युवक संजय सोनकर, जो फल और सब्जी बेचकर गुज़ारा करता था, युवती से लंबे समय से प्रेम संबंध में था। दोनों का रिश्ता करीब पांच साल तक चला। लेकिन हाल ही में युवती की शादी कहीं और तय हो जाने के बाद उसने संजय से दूरी बना ली थी।
गोली मारकर की खुदकुशी
शादी से इनकार और दूरी बनाए जाने से नाराज संजय ने गुरुवार को पहले युवती शादिया को गोली मारी और फिर रामनगर पहुंचकर खुद को भी गोली मारकर जान दे दी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
युवती की हालत नाजुक
गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवती शादिया की हालत नाजुक है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी रीढ़ की हड्डी के पास गोली फंसी हुई है, जिसे सर्जरी के जरिए निकालने की कोशिश की जा रही है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस घटना में प्रयुक्त 9MM पिस्टल कहां से आई इसकी जांच कर रही है। युवक संजय सोनकर के माता-पिता पहले ही गुजर चुके थे और वह अपने चाचा-चाची के साथ रहता था।
इस दर्दनाक घटना की चर्चा पूरे नगर में है। वहीं, युवती के परिजन उसकी सलामती के लिए दुआएं कर रहे हैं।













