चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र में स्थित नौबतपुर पिकेट के पास बने पुलिस डंपिंग यार्ड में गुरुवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि पुलिस द्वारा जब्त कर खड़ी की गई कई गाड़ियां चंद मिनटों में उसकी चपेट में आ गईं। लपटें और काले धुएं का गुबार दूर से ही दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, यह यार्ड तस्करी और अन्य आपराधिक मामलों में जब्त वाहनों को रखने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। आग की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया, लेकिन तब तक 17 वाहन जल चुके थे। इनमें अधिकांश चारपहिया वाहन थे, जबकि कुछ गाड़ियां आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुई हैं।
क्षेत्राधिकारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि इस घटना में 14 वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए हैं, जबकि 3 वाहन आंशिक रूप से प्रभावित हुए हैं। आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट से लेकर शरारती तत्वों की भूमिका तक सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।
पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं। इस आगजनी से पुलिस को न केवल आर्थिक नुकसान हुआ है, बल्कि जब्त मामलों से जुड़े अहम साक्ष्य भी प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।









