चंदौली। जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 18 मार्च को वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से आयोजित किया जा रहा है।
जिला सूचना विभाग से मिली जानकारी के अनुसार एक दिवसीय यह रोजगार मेला द्विवेदी प्राइवेट आईटीआई परिसर, अहिरौरा रोड चकिया में आयोजित होगा। मेले में बेरोजगार अभ्यर्थी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से प्रतिभाग कर सकेंगे।
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को सबसे पहले सेवायोजन विभाग के रोजगार संगम पोर्टल (rojgaarsangam.up.gov.in) पर अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण के बाद पोर्टल पर मेले से संबंधित जानकारी उपलब्ध होगी, जिसके आधार पर इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
इस रोजगार मेले में डी-सेट्स, फेम इंडिया प्रा.लि., एडिको, ओवर ड्राइव इलेक्ट्रॉनिक्स, वेलांगी कनेक्टिविटी प्रा.लि., इनकोफिक्स, जुपिटर लैमिनेट्स, लावा इंटरनेशनल, अशोक लीलैंड, सुब्रोज लिमिटेड, पेरिग्रीन सिक्योरिटी गार्ड एवं विजन एचआर सर्विसेज (अमेजन और फ्लिपकार्ट के लिए) सहित 40 से अधिक कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। कंपनियां युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर नौकरी के अवसर प्रदान करेंगी।
अभ्यर्थियों को अपने सभी शैक्षिक मूल अंकपत्र, प्रमाण पत्र, बायोडाटा तथा चार पासपोर्ट साइज फोटो के साथ सुबह 10 बजे आयोजन स्थल पर पहुंचना होगा। रोजगार मेले में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।
इस मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, बीटेक, डिप्लोमा, आईटीआई तथा कौशल विकास मिशन के विभिन्न ट्रेडों से उत्तीर्ण अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। अधिकारियों ने अधिक से अधिक युवाओं से इस रोजगार मेले में शामिल होकर रोजगार के अवसर प्राप्त करने की अपील की है।













