वाराणसी। बुधवार सुबह हरहुआ रिंग रोड पर बाजिदपुर चौराहे के पास तेज रफ्तार दो वाहनों की टक्कर से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सुबह करीब 7 बजे एक पिकअप और स्कूल बस आमने-सामने इतनी जोर से भिड़ीं कि दोनों वाहन सड़क पर पलट गए। हैरत की बात यह रही कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
टक्कर के तुरंत बाद रिंग रोड पर जाम जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही हरहुआ पुलिस मौके पर पहुँची और क्रेन की मदद से पलटे वाहनों को हटवाया, जिसके बाद रास्ता फिर से खोल दिया गया।
जानकारी के अनुसार, सीएट पब्लिक स्कूल ऐढ़े की बस चालक अजय कुमार के साथ बच्चों को लेने बाबतपुर की ओर जा रही थी। उसी समय प्रयागराज से मछली लेकर बलिया जा रही एक तेज रफ्तार पिकअप बाजिदपुर चौराहे पर पहुँची और नियंत्रण खो बैठी। चौराहे पर दोनों वाहन लगभग एक साथ पहुँचे और तेज रफ्तार के कारण भारी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस सड़क पर उलट गई जबकि पिकअप भी किनारे पलट गई।
पिकअप में चालक मोनू कुमार और खलासी गणेश कुमार सवार थे, जिन्हें ग्रामीणों ने तुरंत बाहर निकाल लिया। स्कूल बस में मौजूद चालक अजय कुमार और खलासी दीपक यादव को हल्की चोटें आईं। मौके पर पहुँची 1033 एंबुलेंस टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों वाहन चौराहे पर तेज रफ्तार में थे, जिसके चलते इतने भारी हादसे की स्थिति बनी। राहत की बात यह रही कि बस में बच्चे मौजूद नहीं थे, वरना घटना गंभीर रूप ले सकती थी। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि बाजिदपुर चौराहे पर ट्रैफिक नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं, जिसकी वजह से यहाँ आए दिन दुर्घटनाएँ होती रहती हैं।









