चंदौली (चहनियां)। रक्षाबंधन के अवसर पर चहनियां क्षेत्र के महमदपुर (जमालपुर) गांव में शनिवार को भव्य दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में हजारों युवाओं ने हिस्सा लिया और अपना दमखम दिखाया। निर्णायक मंडल के फैसले के अनुसार शिवेंद्र यादव ने प्रथम स्थान, आशीष कुमार ने द्वितीय स्थान और राहुल यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि एवं ग्राम प्रधान ज्ञानी जैल सिंह यादव ने सम्मानित किया। प्रथम स्थान पाने वाले को फर्राटा पंखा, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वालों को दीवार घड़ी पुरस्कार स्वरूप प्रदान की गई।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान ज्ञानी जैल सिंह यादव ने कहा,
“कुश्ती, कबड्डी और दौड़ हमारे देश की प्राचीन खेल विधाएं रही हैं, जो अब लुप्त होती नज़र आ रही हैं। पहले ये खेल स्वास्थ्य और मनोरंजन का मुख्य साधन थे, लेकिन आज इंटरनेट और सोशल मीडिया के कारण युवाओं की रुचि इनमें कम हो गई है।”
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे मोबाइल और टीवी से दूरी बनाकर खेलकूद में अधिक समय दें, जिससे शारीरिक और मानसिक दोनों तरह का विकास हो सके।
विशिष्ट अतिथि प्रेमनारायण यादव ने कहा कि खेलकूद न केवल शरीर को फिट रखते हैं, बल्कि मस्तिष्क को भी सक्रिय बनाते हैं। आज खेलों को करियर के रूप में अपनाकर युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले और देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
प्रतियोगिता का संचालन निर्णायक मंडल के रामलखन यादव, चंद्रहास यादव और पंकज यादव ने किया। इस मौके पर मुलायम, सदानंद, अंकित, राबिन और समाजसेवी साहब लाल यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
विशेष संवाददाता- गनपत राय













