जशपुरनगर। कुनकुरी में आयोजित भव्य संगीतमय श्रीराम कथा महोत्सव में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। परम पूजनीय संत Chinmayanand Bapuji के श्रीमुख से प्रवाहित हो रही श्रीराम कथा की अमृतमयी धारा में जनमानस पूरी तरह सराबोर नजर आ रहा है। कथा के पंचम दिवस पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai भी आयोजन स्थल पहुंचे और संत का आशीर्वाद ग्रहण किया। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी कौशल्या साय भी साथ मौजूद रहीं।
सालियाटोली मिनी स्टेडियम में आयोजित इस धार्मिक महोत्सव में हजारों श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए उमड़ रहे हैं। वातावरण ‘जय श्री राम’ के जयकारों से गूंज उठा है, जिससे पूरा क्षेत्र राममय हो गया है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन और मर्यादा को जीवन में अपनाने का संदेश देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की पावन धरती भगवान राम के ननिहाल के रूप में जानी जाती है। उन्होंने कहा कि यहां के कण-कण में राम बसते हैं और वनवास काल में भगवान श्रीराम ने दंडकारण्य क्षेत्र में लंबा समय व्यतीत किया था।
उन्होंने Narendra Modi के नेतृत्व में अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। साथ ही उन्होंने राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही रामलला दर्शन योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि हजारों श्रद्धालु अब तक इसका लाभ उठा चुके हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। श्रद्धालु पूरे उत्साह और भक्ति भाव से कथा का रसपान कर रहे हैं और प्रभु श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प ले रहे हैं।
बताया गया कि 02 अप्रैल से शुरू हुई यह पावन कथा 08 अप्रैल तक निरंतर चलेगी, जिसमें दूर-दराज से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। आयोजन ने पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक माहौल को और गहरा कर दिया है।













