चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत भूपौली चौकी पर तैनात सिपाही वीर बहादुर सिंह यादव की मंगलवार को वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र स्थित रिंग रोड ब्रिज के पास सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में चौकी प्रभारी अमित सिंह, उनकी पत्नी और कैली गांव निवासी सोनू पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
तेज रफ्तार क्रेटा की टक्कर से हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, चौकी प्रभारी अमित सिंह अपनी पत्नी, सिपाही वीर बहादुर, सोनू पांडे और एक बच्चे के साथ वैगन आर कार से वाराणसी की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार रिंग रोड ब्रिज के पास पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार क्रेटा कार ने उनकी कार को जबरदस्त टक्कर मार दी।

मौके पर ही सिपाही की मौत
टक्कर इतनी भीषण थी कि 32 वर्षीय सिपाही वीर बहादुर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य तीनों घायलों को तत्काल वाराणसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
नवंबर में होनी थी शादी, पुलिस महकमे में शोक
मूल रूप से अंबेडकर नगर जिले के रहने वाले वीर बहादुर सिंह 2018 बैच के सिपाही थे और काफी समय से चंदौली जिले के भूपौली चौकी में अपनी सेवा दे रहे थे। उनके परिवारजनों ने बताया कि उनकी शादी इसी वर्ष नवंबर में तय थी। उनकी असामयिक मृत्यु से पुलिस विभाग में शोक की लहर है।
वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना कर हादसे की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस मृतक सिपाही के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज चुकी है, और साथ ही हादसे की जिम्मेदार गाड़ी और चालक की पहचान व गिरफ्तारी के लिए कार्यवाही में जुट गई है।
विशेष संवाददाता- गनपत राय













