चंदौली। मुगलसराय कस्बे में बुधवार देर रात उस वक्त अफरातफरी का माहौल बन गया, जब एक बुलेट बाइक से लगातार फायरिंग जैसी तेज आवाजें सुनाई देने लगीं। सड़क पर दौड़ रही बाइक के साइलेंसर से चिंगारियां निकलती दिखीं, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। कई राहगीरों ने इसे गोली चलने की आवाज समझकर इधर-उधर भागना शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुलेट बाइक तेज रफ्तार में पूरे इलाके में घूम रही थी। बाइक पर पीछे की ओर “ARMY” लिखा हुआ था और सवार युवक जानबूझकर एक्सीलेटर देकर तेज धमाके जैसी आवाज निकाल रहे थे। ऐसा लग रहा था मानो सार्वजनिक स्थान पर शक्ति प्रदर्शन किया जा रहा हो।
घटना की सूचना मिलते ही चकिया तिराहा स्थित पुलिस पिकेट पर तैनात चौकी प्रभारी अजय कुमार और हेड कांस्टेबल अभिषेक दुबे ने तत्परता दिखाते हुए बाइक को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही बाइक सवार युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर कुछ ही दूरी पर तीनों युवकों को दबोच लिया।
जांच के दौरान सामने आया कि बुलेट के साइलेंसर में अवैध रूप से बदलाव किया गया था। इसी कारण बाइक से तेज धमाके जैसी आवाज के साथ चिंगारियां निकल रही थीं। पुलिस ने बाइक को मौके पर ही कब्जे में लेकर कोतवाली भेज दिया और उसे सीज कर दिया।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए तीनों युवक अलीनगर क्षेत्र के रहने वाले हैं। बाइक सीज किए जाने के बाद युवक काफी देर तक पिकेट के आसपास चक्कर लगाते रहे और गिड़गिड़ाते दिखे, लेकिन पुलिस ने नियमों के तहत किसी तरह की रियायत नहीं दी।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस तरह के संशोधित साइलेंसर और सड़क पर स्टंट करना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि आम लोगों की जान के लिए भी खतरा बन सकता है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आगे भी ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा।













