बक्सर। बिहार के बक्सर जिले के बडकाराजपुर गांव में सोमवार को एक ऐसी घटना हुई जिसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया। गांव के हलवाई जितेंद्र साह के बैंक खाते में अचानक 600 करोड़ रुपये से अधिक की एंट्री दिखने से हड़कंप मच गया। जितेंद्र महज़ 200 रुपये निकालने सीएसपी केंद्र पहुंचे थे, लेकिन बैलेंस देख उनके होश उड़ गए।
सीएसपी संचालक ने जब उनका मिनी स्टेटमेंट निकाला तो खाते में ₹6,00,47,8.20 (लगभग 600 करोड़ से ज्यादा) की एंट्री दर्ज दिखाई दी। खाते पर तुरंत असामान्य गतिविधि होने के कारण बैंक द्वारा फ्रीज कर दिया गया, जिसके चलते जितेंद्र कोई लेन-देन नहीं कर पाए।
जितेंद्र साह ने बताया कि ऐसी रकम देखकर पहले तो उन्हें लगा कि मशीन में कोई खराबी होगी, लेकिन लगातार एक ही बैलेंस दिखने के बाद उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर सेल को जांच के लिए अग्रसारित कर दिया।
पुलिस और बैंक सूत्रों के अनुसार शुरुआती जांच में इसे तकनीकी गड़बड़ी (Technical Glitch) माना जा रहा है। बैंक अधिकारियों ने बताया कि कभी-कभी सर्वर या प्रोसेसिंग एरर की वजह से गलत प्रविष्टि दिखाई दे सकती है, लेकिन वास्तविक बैलेंस की पुष्टि बैंक की मुख्य शाखा द्वारा की जा रही है।
खाते में इतनी बड़ी रकम दिखने की खबर जंगल की आग की तरह फैल गई और कुछ ही देर में सीएसपी केंद्र पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। कई लोग मिनी स्टेटमेंट देखकर हैरान थे तो कई इस बात को लेकर चर्चा में लग गए कि आखिर इतनी भारी भरकम रकम खाते में आई कहाँ से।
बैंक ने फिलहाल खाते को सुरक्षा कारणों से रोके रखा है। साइबर थाना मामले की गहन जांच कर रहा है, वहीं बैंक टीम भी लॉग और ट्रांजैक्शन हिस्ट्री खंगाल रही है। अधिकारी जल्द ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने की बात कह रहे हैं।
ग्रामीणों के बीच इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं और लोग इसे जिले की अब तक की सबसे हैरान करने वाली बैंकिंग गलती मान रहे हैं।













