चंदौली। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने “ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते” के तहत मंगलवार को एक बड़ी सफलता हासिल की। डीडीयू जंक्शन पर गाड़ी संख्या 12321 अप से घर छोड़कर भागे एक किशोर को बरामद किया गया। बाद में उसे सुरक्षित रूप से चाइल्डलाइन डीडीयू को सुपुर्द कर दिया गया।
मामले की जानकारी देते हुए शिकायतकर्ता दीपतेंदु साह ने बताया कि उनका 15 वर्षीय बेटा देवयान शाह गुस्से में घर से निकल गया था और उक्त ट्रेन से सफर कर रहा था। सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम सक्रिय हो गई और जंक्शन पर पहुंचने पर ट्रेन की गहन जांच की गई। तलाशी के दौरान नाबालिग लड़का जनरल कोच में मिला। पहचान सत्यापन के बाद पुष्टि हुई कि वह शिकायतकर्ता का पुत्र ही है। इसके बाद सुरक्षाबलों ने किशोर को ट्रेन से उतारकर चाइल्डलाइन को सौंपा और परिजनों को इसकी सूचना दी।
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि “ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते” अभियान के तहत रेलवे स्टेशन और ट्रेनों से लापता, भटके और परेशान बच्चों को सुरक्षित बचाकर परिजनों से मिलाने का कार्य लगातार किया जा रहा है। इस कार्रवाई से न केवल बच्चे की जिंदगी सुरक्षित हुई, बल्कि परिवार को भी बड़ी राहत मिली।









