चंदौली। खण्डवारी रानेपुर गांव में सोमवार की शाम बड़ा हादसा टल गया। यहां निवासी कलीम अंसारी का तीन मंजिला मकान अचानक लटक गया, जिससे आसपास हड़कंप मच गया। मकान में रह रहे परिजनों ने किसी तरह बाहर निकलकर जान बचाई। सूचना मिलने पर प्रधानपति सतीश गुप्ता और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
जानकारी के अनुसार, लगातार हो रही बारिश और नाबदान का पानी निकासी न होने से मकान की नींव कमजोर हो गई थी। इसी कारण मकान का एक हिस्सा अचानक नीचे धंस गया और ऊपर का हिस्सा लटक गया। घटना के बाद आसपास के लोग भी अपने-अपने घरों को लेकर दहशत में हैं।
प्रधानपति सतीश गुप्ता ने बताया कि ग्रामीणों की मदद से बल्ली लगाकर किसी तरह मकान को गिरने से बचाया गया। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना उपजिलाधिकारी कुंदन राज कपूर को दी। एसडीएम के निर्देश पर लेखपाल सुभाष बिंद ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और रिपोर्ट तैयार कर भेजी।
पास के मकान भी इस हादसे की चपेट में आ गए हैं। जुमराती अंसारी और अलीम अंसारी के घरों में दरारें पड़ चुकी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि अलीम अंसारी का मकान गिरा तो अगल-बगल के कई मकान उसकी चपेट में आ सकते हैं।
प्रधानपति सतीश गुप्ता ने बताया कि गांव सभा के कई हिस्सों में पानी निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है, जिसके चलते लगातार बारिश का पानी नींव में सोख जाता है और मकान कमजोर हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से तत्काल स्थायी समाधान की मांग की है ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।









